डॉ. उत्तम ओझा बने जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग राज्य विश्वविद्यालय की सांस्कृतिक एवं खेल प्रोत्साहन समिति के अध्यक्ष
- डॉ. उत्तम ओझा बने जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग राज्य विश्वविद्यालय की सांस्कृतिक एवं खेल प्रोत्साहन समिति के अध्यक्ष
चित्रकूट। जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग राज्य विश्वविद्यालय, चित्रकूट द्वारा विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने तथा विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने के उद्देश्य से सांस्कृतिक एवं खेल प्रोत्साहन समिति का गठन किया गया है।
विश्वविद्यालय द्वारा जारी कार्यालय ज्ञाप के अनुसार दिव्यांग बंधु डॉ. उत्तम ओझा को इस महत्वपूर्ण समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। समिति में केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के डॉ. नीरज तिवारी, जीडी बिनानी पीजी कॉलेज मिर्जापुर की प्रो. (डॉ.) वंदना मिश्रा तथा विश्वविद्यालय के सहायक आचार्य डॉ. गोपाल कुमार मिश्रा को सदस्य बनाया गया है। वहीं डॉ. मनोज कुमार पाण्डेय को सदस्य सचिव तथा आवश्यकता के अनुसार खेल विशेषज्ञ को विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
डॉ. उत्तम ओझा के अध्यक्ष बनने से विश्वविद्यालय के दिव्यांग विद्यार्थियों में खेल, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होने की उम्मीद है। समिति का उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के साथ-साथ उन्हें अपनी प्रतिभा के प्रदर्शन के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
डॉ. उत्तम ओझा ने इस जिम्मेदारी के लिए आदरणीय कुलपति डॉक्टर शिशिर पाण्डेय ज़ी एवं विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि खेल और संस्कृति दिव्यांग विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, व्यक्तित्व विकास और सामाजिक सहभागिता को मजबूत करने के सशक्त माध्यम हैं। उनका प्रयास रहेगा कि विश्वविद्यालय के प्रतिभावान विद्यार्थियों को बेहतर प्रशिक्षण, मंच और अवसर उपलब्ध हों, ताकि वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय तथा देश का नाम गौरवान्वित कर सकें।
विश्वविद्यालय परिवार एवं दिव्यांगजन क्षेत्र से जुड़े लोगों ने डॉ. उत्तम ओझा को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में समिति विश्वविद्यालय में खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।