देशभक्ति के रंग में सराबोर हुआ चन्दौली, सड़कों पर उमड़ा तिरंगों का सैलाब
चन्दौली। जिले में गुरुवार को राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति का अद्भुत एवं प्रेरणादायी नजारा देखने को मिला। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में निकाली गई विशाल तिरंगा यात्रा से पूरा शहर देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।

हाथों में तिरंगा थामे छात्र-छात्राओं, पुलिसकर्मियों, अधिकारियों और आम नागरिकों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
भव्य तिरंगा यात्रा की शुरुआत सदर विकासखंड स्थित महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज परिसर से हुई। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया।
महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज से निकली यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों और बाजारों से होकर अपने निर्धारित गंतव्य तक पहुंची। यात्रा में सैकड़ों स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ प्रशासनिक अधिकारी, पुलिसकर्मी और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के जोश से भरे युवाओं व बच्चों ने पूरे माहौल को राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत कर दिया।
तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा शहर ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम’ और ‘जय हिंद’ के गगनभेदी नारों से गूंजता रहा। मार्ग में जगह-जगह स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। लोगों में देश के प्रति सम्मान और राष्ट्रप्रेम का उत्साह साफ दिखाई दिया।
इस अवसर पर *जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग* ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। इसे सम्मान देना प्रत्येक नागरिक का परम कर्तव्य है। उन्होंने युवाओं से देश के गौरवशाली इतिहास को समझने और वीर शहीदों के बलिदान से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा देश की शक्ति हैं और उन्हें राष्ट्र निर्माण एवं देश सेवा में अपना महत्वपूर्ण योगदान देना चाहिए।
वहीं *पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल* ने कहा कि देशभक्ति केवल तिरंगा हाथ में लेकर नारे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना ही सच्ची देशभक्ति है।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाएं तथा वीर जवानों और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान से प्रेरणा लें। उन्होंने कहा कि तिरंगा हम सभी को राष्ट्र के प्रति सम्मान, जिम्मेदारी और एकजुटता का संदेश देता है।
तिरंगा यात्रा के माध्यम से जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने जिलेवासियों को राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन का संदेश दिया। यात्रा में उमड़ा जनसैलाब चन्दौली की धरती पर देशभक्ति की मजबूत भावना का गवाह बना।
चन्दौली से~ तारकेश्वर पाण्डेय की रिपोर्ट





