मिशन शक्ति 6.0: चंदौली पुलिस ने नुक्कड़ नाटक और लघु फिल्म ‘बढ़ते बच्चे’ के जरिए बाल विवाह के खिलाफ फूंका बिगुल
चंदौली। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खात्मे और महिला सशक्तीकरण के संकल्प के साथ चंदौली पुलिस ने रविवार को थाना चकिया क्षेत्र में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। ‘मिशन शक्ति फेज-6.0’ के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक और लघु फिल्म के जरिए लोगों को बच्चों के अधिकारों और शिक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी लाइन डॉ. चारु द्विवेदी व क्षेत्राधिकारी चकिया अजीत सिंह चौहान के संयुक्त नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में थाना चकिया की मिशन शक्ति टीम, जिला प्रोबेशन कार्यालय (डीपीओ) और मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान (एनजीओ) की परियोजना समन्वयक शहनाज बानो सहित अन्य संबंधित विभागों ने प्रमुख भूमिका निभाई।
नुक्कड़ नाटक और फिल्म स्क्रीनिंग ने मोहा मन
जागरूकता अभियान के दौरान कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से समाज में मौजूद कुरीतियों और बाल विवाह के दुष्परिणामों को सजीव रूप में पेश किया। साथ ही ‘बढ़ते बच्चे’ नामक लघु फिल्म की स्क्रीनिंग की गई, जिसके जरिए बालिकाओं की शिक्षा, उनके कानूनी अधिकारों और सुरक्षित बचपन के महत्व पर प्रकाश डाला गया।
अधिकारियों की रही मौजूदगी
इस मौके पर एएचटी प्रभारी निरीक्षक राघवेंद्र प्रताप सिंह, चकिया प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह, मिशन शक्ति प्रभारी सहित पुलिस व संबंधित विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे।
चंदौली पुलिस की अपील
चंदौली पुलिस ने आमजन से आह्वान किया है कि वे बाल विवाह जैसी कुप्रथा के खिलाफ आगे आएं और इसे रोकने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें। बच्चों के सुरक्षित बचपन, निरंतर शिक्षा और बेहतर भविष्य के लिए समाज का जागरूक होना बेहद जरूरी है।




