Friday, August 21, 2026
No menu items!
No menu items!

मिर्जामुराद ट्रेन हादसे के पीड़ित परिवार से मिले भाजपा जिलाध्यक्ष, राम शकल पटेल हर संभव मदद का दिलाया भरोसा

आशीष मोदनवाल पत्रकार

वाराणसी: मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के आषाढ़ गांव में बीते दिनों हुए दर्दनाक रेल हादसे के बाद सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष राम शकल पटेल पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान उन्होंने परिवार के सदस्यों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस असहनीय दुख की घड़ी में पूरा समाज और प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शासन स्तर से मिलने वाली हर संभव सहायता परिवार तक पहुंचाने का पूरा प्रयास किया जाएगा।

रेलवे लाइन पार करते समय हुआ था दर्दनाक हादसा

गौरतलब है कि मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के राजपुर गांव के समीप मिर्जापुर जनपद की सीमा से लगे रेलवे ट्रैक पर आठ जुलाई को एक दर्दनाक हादसा हुआ था। आषाढ़ गांव निवासी हीरामणि उर्फ मन्ना पाल के परिवार के दो बच्चों की वाराणसी प्रयागराज रेलखंड पर ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई थी। मृतकों में परिवार की बड़ी पुत्री अनुराधा उर्फ अन्नू तथा सबसे छोटे पुत्र राम रतन उर्फ टिंकू शामिल थे। दोनों भाई बहन रेलवे लाइन पार कर रहे थे तभी तेज गति से गुजर रही ट्रेन की चपेट में आ गए। इस हृदय विदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई थी और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था।

परिजनों को बंधाया ढांढस

सोमवार को भाजपा जिलाध्यक्ष राम शकल पटेल जब पीड़ित परिवार के घर पहुंचे तो उन्होंने परिवार के सदस्यों से मिलकर उनकी पीड़ा साझा की। उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार के लिए एक साथ दो संतानों को खो देना अत्यंत दुखद और असहनीय स्थिति है। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को धैर्य रखने की अपील करते हुए कहा कि इस कठिन समय में समाज और सरकार उनके साथ खड़ी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि पीड़ित परिवार को शासन की ओर से मिलने वाली आर्थिक सहायता और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।

एसडीएम से की सहायता राशि दिलाने की बात

भाजपा जिलाध्यक्ष ने मौके से ही राजातालाब के उपजिलाधिकारी शांतनु सिनसिनवार से दूरभाष पर वार्ता कर पीड़ित परिवार को नियमानुसार सहायता राशि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। उन्होंने अधिकारियों से मामले में संवेदनशीलता के साथ आवश्यक कार्रवाई करने की अपेक्षा जताई ताकि परिवार को जल्द राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि ऐसे संकट की घड़ी में पीड़ित परिवार को हर संभव सहयोग मिले।

पाल बस्ती तक रास्ते की समस्या भी उठाई

दौरे के दौरान ग्रामीणों ने भाजपा जिलाध्यक्ष के समक्ष पाल बस्ती में आवागमन की गंभीर समस्या भी रखी। ग्रामीणों ने बताया कि बस्ती तक आने जाने के लिए समुचित मार्ग उपलब्ध नहीं है जिससे वर्षों से लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर राम शकल पटेल ने संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की इस मूलभूत आवश्यकता का शीघ्र निस्तारण कराने का प्रयास किया जाएगा ताकि लोगों को आवागमन में सुविधा मिल सके।

escort bayan sakarya escort bayan eskişehir