राजकीय कृषि बीज भंडार का टास्क फोर्स अधिकारी ने किया औचक निरीक्षण
किसानों को नियमानुसार बीज वितरण का दिया निर्देश
राजातालाब। आराजी लाइन विकासखंड क्षेत्र के जंसा स्थित राजकीय कृषि बीज भंडार केंद्र का शुक्रवार को शासन द्वारा वाराणसी मंडल हेतु नामित टास्क फोर्स अधिकारी सुरेंद्र चंद्र चौधरी, संयुक्त कृषि निदेशक आजमगढ़ मंडल ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ संयुक्त कृषि निदेशक वाराणसी मंडल शैलेंद्र कुमार, उप कृषि निदेशक अमित जायसवाल एवं जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह मौजूद रहे। निरीक्षण के समय मौके पर गोदाम प्रभारी अमरजीत पटेल, टीएसी राजकुमार सहित बीज लेने आए किसान धनुषधारी, विकास चंद्र वर्मा, कुंती देवी, राकेश पाल, चंद्रबली यादव आदि उपस्थित थे और गोदाम पर बीज वितरण का कार्य चल रहा था। टास्क फोर्स अधिकारी द्वारा जिला कृषि अधिकारी वाराणसी को निर्देशित किया गया कि जिन किसानों ने बीज की बुकिंग की है उन्हें नियमानुसार निर्धारित दर पर बीज दिया जाए तथा बीज प्राप्ति की रसीद किसानों को अवश्य उपलब्ध कराई जाए। साथ ही जिन किसान भाइयों द्वारा दलहनी फसल में चना, मटर, मसूर तथा तिलहनी फसल में सरसों की बुकिंग की गई है और ई-लॉटरी के माध्यम से चयन हुआ है, उन्हें क्षेत्रीय कर्मचारियों के माध्यम से सूचित करते हुए यथाशीघ्र बीज वितरण सुनिश्चित किया जाए। जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह ने बताया कि कृषि विभाग द्वारा गेहूं, चना, मटर, मसूर एवं सरसों के उच्च गुणवत्ता के बीज अनुदान पर राजकीय कृषि बीज भंडारों के माध्यम से उपलब्ध कराए जा रहे हैं। वर्तमान में गेहूं बीज की बुकिंग हेतु पोर्टल http://agriculture.up.gov.in खुला है। उन्होंने किसानों से अपील की कि पोर्टल पर बुकिंग कर योजनाओं का लाभ उठाएं। साथ ही बताया कि पिछले दो दिनों से हो रही बारिश से जिन बीमित किसानों की धान की फसल को नुकसान हुआ है, वे 72 घंटे के भीतर व्हाट्सएप नंबर 7065514447, क्रॉप इंश्योरेंस ऐप, PMFBY वेबसाइट या जिला कृषि अधिकारी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराएं।
