आशीष मोदनवाल पत्रकार
वाराणसी: नाबालिग को भगाकर शादी करने के आरोपी युवक को पुलिस ने किया गिरफ्तार
वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र के रसूलगढ़ इलाके से नाबालिग युवती को बहला-फुसलाकर भगाने और उससे शादी करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं, पुलिस ने नाबालिग युवती को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस के अनुसार, रसूलगढ़ निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी 15 वर्षीय बेटी 12 मार्च की रात घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसी दौरान पड़ोसी युवक प्रकाश प्रजापति भी अपने घर से गायब मिला, जिसके बाद परिजनों ने सारनाथ थाने में मुकदमा दर्ज कराया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने बीती रात सारनाथ रेलवे स्टेशन के पास से आरोपी प्रकाश प्रजापति पुत्र रतन कुमार प्रजापति को गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ नाबालिग युवती भी सकुशल बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह और युवती एक-दूसरे से प्रेम करते थे और शादी करना चाहते थे। परिजनों की सहमति न मिलने पर दोनों घर छोड़कर चले गए थे। आरोपी ने दावा किया कि उसने युवती से शादी कर ली थी और दोनों पति-पत्नी की तरह रह रहे थे।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। वहीं, बरामद नाबालिग युवती को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी, सब-इंस्पेक्टर अनुज शुक्ला, कांस्टेबल पुरुषोत्तम मिश्रा तथा महिला कांस्टेबल सुप्रिया पांडेय और पिंकी गौड़ शामिल रहीं।






