चंदौली में विशेष और राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए न्यायिक अधिकारियों ने कसी कमर, समीक्षा बैठक में बनी रणनीति
चंदौली। जनपद में लंबित वादों और मोटर वाहन चालानों के त्वरित निस्तारण को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। माननीय जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण विवेक त्रिपाठी के निर्देशन में शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में न्यायिक अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। अपर जनपद न्यायाधीश (कक्ष संख्या-1) रामबाबू यादव की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में आगामी लोक अदालतों की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
28 नवंबर को विशेष लोक अदालत में निपटेंगे वाहन चालान
बैठक के दौरान आगामी 28 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाली विशेष लोक अदालत की तैयारियों की गहन समीक्षा की गई। इस विशेष लोक अदालत में मुख्य रूप से मोटर वाहन से संबंधित लंबित चालानों का निस्तारण किया जाएगा। अपर जनपद न्यायाधीश रामबाबू यादव ने सभी संबंधित न्यायिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अधिक से अधिक वादों और चालानों के निस्तारण के लिए एक प्रभावी कार्ययोजना तैयार करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि संबंधित पक्षकारों को समय रहते नोटिस व सूचना भेजकर उन्हें आपसी सुलह-समझौते के आधार पर अपने मामले निपटाने के लिए प्रेरित किया जाए।
12 दिसंबर की राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए अभी से चिन्हांकन
इसके साथ ही बैठक में आगामी 12 दिसंबर 2026 को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने पर भी मंथन किया गया। अध्यक्ष ने समस्त न्यायिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अभी से अधिक से अधिक वादों का चिन्हांकन शुरू कर दें और प्री-लिटिगेशन (मुकदमा पूर्व) स्तर पर मामलों को निस्तारण के लिए तैयार करें। बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि इस बार की राष्ट्रीय लोक अदालत में पिछली लोक अदालत के मुकाबले कहीं अधिक वादों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को सुलभ और त्वरित न्याय मिल सके।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चंदौली की पूर्णकालिक सचिव श्रीमती निकिता गौड़ द्वारा साझा की गई।

