चकिया में गौशाला का निरीक्षण, गर्मी से राहत के लिए किए गए विशेष इंतजाम
चकिया (चंदौली): नगर के ब्लॉक स्थित गौशाला का सोमवार को चकिया नगर पंचायत अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गौशाला में रह रहे पशुओं की स्थिति एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
भीषण गर्मी को देखते हुए पशुओं को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से दो बड़े कूलर लगवाए गए। साथ ही पशुओं के लिए हरे चारे की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई। चेयरमैन श्रीवास्तव ने पशुओं को अपने हाथों से गुड़ खिलाकर सेवा भाव का परिचय दिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पशुओं को दिए जाने वाले चारे की गुणवत्ता एवं मात्रा के विषय में कर्मचारियों से विस्तृत वार्ता की। इसके साथ ही गौशाला परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने के लिए कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर पशु चिकित्सक डॉ. रविंद्र दुबे, पत्रकार शीतला राय, चेयरमैन प्रतिनिधि राजू माली, भाजपा नेता शुभम मोदनवाल सहित नगर पंचायत के कर्मचारी अजय सेठ, संतोष यादव एवं सोनू चौहान उपस्थित रहे।






