“जखिनी चौराहे पर शराबियों का जमावड़ा, रात भर गाली-गलौज से ग्रामीण परेशान; पुलिस गश्त नदारद”

केसरारी चाट भंडार के आसपास खुलेआम शराबखोरी, महिलाओं का निकलना हुआ दूभर
रिपोर्ट शुभम वर्मा
राजातालाब, 15 मई।थाना राजातालाब अंतर्गत जखिनी चौकी क्षेत्र की जखिनी ग्राम सभा में केसरारी चाट भंडार व अन्य दुकानों के आसपास शाम ढलते ही शराबियों का जमावड़ा लग जाता है। देर रात तक नशे में धुत लोग खुलेआम सार्वजनिक स्थान पर शराब पीकर गाली-गलौज करते हैं, जिससे आम जनमानस, महिलाएं व स्कूली बच्चे बेहद परेशान हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि शराबी दुकानों के सामने सड़क पर ही बोतल खोलकर बैठ जाते हैं। आने-जाने वाली महिलाओं पर फब्तियां कसते हैं और विरोध करने पर मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। रात 10 बजे के बाद तो हालात और बिगड़ जाते हैं। चाट-दुकानों पर आने वाले ग्राहक भी शराबियों के डर से कतराने लगे हैं, जिससे दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हो रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि जखिनी चौकी पुलिस कभी गश्त करने तक नहीं आती। कई बार 112 नंबर पर सूचना देने के लिए फोन किया जाय तो फोन ही लगता है “शराबी बेखौफ हो गए हैं। जिम्मेदार मौन हैं और हम लोग दहशत में जी रहे हैं”, एक बुजुर्ग ग्रामीण ने बताया।
महिलाओं का कहना है कि शाम 6 बजे के बाद घर से निकलना मुश्किल हो गया है। स्कूली छात्राओं को ट्यूशन से लौटते समय रोज शर्मिंदगी झेलनी पड़ती है।
ग्रामीणों ने थाना राजातालाब व पुलिस अधीक्षक वाराणसी ग्रामीण से मांग कर रहे है कि जखिनी चौराहे पर स्थाई पुलिस पिकेट लगाई जाए और शाम को नियमित गश्त हो। साथ ही सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वालों पर धारा 34 पुलिस एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाए।





