Monday, November 16, 2026

मुस्तफाबाद में छठ महापर्व की धूम, प्रधान की व्यवस्था देख बोले लोग – इस बार मजा आ गया

 

वाराणसी, चिरईगाँव। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा पर मुस्तफाबाद ग्राम सभा के सोता घाट पर आस्था और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। रविवार की शाम जैसे ही व्रती महिलाएं छठी मैया के पारंपरिक गीत गाती हुई नंगे पांव घाट की ओर निकलीं, पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। गाजे-बाजे के साथ निकली टोलियों में आगे पुरुष पूजन सामग्री से भरी दउरी, फल और गन्ना लेकर चल रहे थे, पीछे महिलाएं छठ के मंगल गीत गुनगुना रही थीं।

इस बार सोता घाट की व्यवस्था ने सभी का मन जीत लिया। ग्राम प्रधान प्रशासन पारस के नेतृत्व में आयोजन की ऐसी तैयारी की गई थी, जिसकी पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है। घाट पर आने वाले हजारों श्रद्धालुओं के लिए लाइट की पर्याप्त व्यवस्था, साउंड सिस्टम और जनरेटर की सुविधा पहले से ही कर दी गई थी। घाट की साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था और अर्घ्य के लिए सुरक्षित स्थान का विशेष ध्यान रखा गया, जिससे व्रती महिलाओं और बुजुर्गों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई।

व्यवस्था को सफल बनाने में गांव के युवाओं का भी अहम योगदान रहा। आशीष सिंह, भोला सिंह, राजू सिंह और मिथुन सिंह सुबह से ही घाट पर व्यवस्था संभालते नजर आए। वहीं अंतिमा सिंह सहित अन्य महिलाओं ने व्रती महिलाओं की सेवा और पूजन सामग्री की व्यवस्था में बढ़-चढ़कर सहयोग किया। ग्रामीणों ने कहा कि प्रधान और गांव के युवाओं की एकजुटता से ही इस बार आयोजन इतना भव्य हो सका।

सुरक्षा के दृष्टिगत प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। चौकी इंचार्ज राघवेंद्र मौर्य अपनी फोर्स के साथ घाट पर निरीक्षण करते रहे और चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा।

व्रती महिलाओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना के लिए अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को पहला अर्घ्य अर्पित किया। सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का पारण होगा।

escort bayan sakarya escort bayan eskişehir