यूपी स्कॉलरशिप: चंदौली में छात्रवृत्ति आवेदन फॉरवर्ड करने की अंतिम तिथि तय, 25 हजार से अधिक आवेदन लंबित
चंदौली। वित्तीय वर्ष और शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अन्य पिछड़ा वर्ग (अल्पसंख्यक पिछड़ा वर्ग को छोड़कर) के छात्र-छात्राओं की छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना को लेकर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रत्नेश सिंह ने जनपद के सभी शिक्षण संस्थानों को लंबित आवेदनों को तय समय-सीमा के भीतर अग्रसारित (फॉरवर्ड) करने के सख्त निर्देश जारी किए हैं।
निदेशक, पिछड़ा वर्ग कल्याण, उत्तर प्रदेश के आदेशों के क्रम में यह निर्देश जनपद के सभी नोडल अधिकारियों, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित उच्च, तकनीकी, चिकित्सा, प्राविधिक एवं व्यावसायिक शिक्षण संस्थानों के प्राचार्यों और प्रधानाचार्यों को भेजे गए हैं।
अग्रसारित करने की समय-सीमा:
कक्षा 9 से 12 तक: 20 अक्टूबर 2026 तक
अन्य दशमोत्तर कक्षाएं (कक्षा 11-12 को छोड़कर): 25 अक्टूबर 2026 तक
जनपद में लंबित आवेदनों की स्थिति:
वर्तमान आंकड़ों के अनुसार जनपद में कुल 25,203 आवेदन शिक्षण संस्थानों के स्तर पर लंबित हैं:
कक्षा 9–10: 5,471 आवेदन
कक्षा 11–12: 5,472 आवेदन
उच्च शिक्षा एवं अन्य समकक्ष पाठ्यक्रम: 14,260 आवेदन
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि सभी संस्थान प्राथमिकता के आधार पर पोर्टल पर डेटा फाइनल सबमिट कर समय रहते अग्रसारित करें, ताकि कोई भी पात्र छात्र छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति से वंचित न रहे। लापरवाही बरतने वाले संस्थानों के खिलाफ नियमों के तहत जवाबदेही तय की जाएगी।



