संपूर्ण समाधान दिवस में 285 शिकायतें मिले,22 का मौके पर हुआ निस्तारण
राजातालाब।एडीएम पंकज कुमार तथा उप जिलाधिकारी राजातालाब शांतुन कुमार सिनसिनवार ने शनिवार को राजातालाब तहसील पर आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।समाधान दिवस में कुल 285 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 22 का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष मामलों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।इस दौरान सड़क, नाली, राशन कार्ड में नाम जोड़ने-घटाने, भूलेख संशोधन, नामांतरण, वरासत, विद्युत और पेयजल से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रहीं। पुलिस विभाग से मारपीट, रुपये लेकर वापस न करने और अन्य विवादों की शिकायतें भी दर्ज हुईं।मटूका निवासी विजय बहादुर ने बिना वैध आधार के 30 फीट बरामद दर्शाकर नोटिस जारी करने का आरोप लगाया। महेंद्र वर्मा ने खतौनी में त्रुटिपूर्ण अंश संशोधन के लिए फर्जी रिपोर्ट भेजे जाने की शिकायत की। कचनार निवासी दीनदयाल ने भतीजे द्वारा फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाकर जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।इस अवसर पर एसडीएम राजातालाब, तहसीलदार, एसीपी पिंडरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।







