मिशन शक्ति 6.0: चंदौली पुलिस ने छात्राओं को सिखाए सुरक्षा के गुर, ‘डिजिटल अरेस्ट’ और साइबर ठगी से सतर्क रहने की दी सीख
चंदौली। उत्तर प्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन को सुनिश्चित करने के लिए जनपद चंदौली में ‘मिशन शक्ति फेज-6.0’ के तहत सघन जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रमों और रैलियों का आयोजन किया गया।
सकलडीहा में छात्राओं ने निकाली भव्य जागरूकता रैली
थाना सकलडीहा अंतर्गत सकलडीहा इंटर कॉलेज और पीजी कॉलेज में महिला शक्ति नोडल अधिकारी व क्षेत्राधिकारी लाइन डॉ. चारु द्विवेदी के नेतृत्व में वृहद कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान 12वीं की छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने और गरिमामय जीवन जीने के अधिकारों की जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने छात्राओं को वर्तमान में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों, विशेषकर ‘डिजिटल अरेस्ट’ और ऑनलाइन धोखाधड़ी के प्रति आगाह किया। छात्राओं को सतर्क करते हुए कहा गया कि वे अपनी व्यक्तिगत व बैंकिंग जानकारी किसी से साझा न करें, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें और किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें। कार्यक्रम के उपरांत छात्राओं और पुलिस टीम ने क्षेत्र में एक भव्य जन-जागरूकता रैली निकाली और पंपलेट वितरित कर स्थानीय लोगों को जागरूक किया। इस मौके पर थानाध्यक्ष सकलडीहा भूपेन्द्र निषाद, मिशन शक्ति प्रभारी लक्ष्मीकांत मिश्रा, महिला आरक्षी नेहा, रीमा यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
चकिया और धानापुर में दिखा छात्राओं का सशक्त रूप
अभियान के तहत विकास क्षेत्र चकिया स्थित पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय (चकिया द्वितीय) और धानापुर के एनबीएन पब्लिक स्कूल (घूरेहू) में भी विशेष कार्यक्रम हुए। यहाँ छात्राओं ने नारी शक्ति के विभिन्न रूपों (देवी स्वरूपा) में सज-धजकर हाथों में सुरक्षा संबंधी पंपलेट और बैनर लेकर समाज को सशक्तिकरण का संदेश दिया।
आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी
कार्यक्रमों के दौरान पुलिस टीम ने बालिकाओं और महिलाओं को शासन द्वारा संचालित प्रमुख आपातकालीन सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी:
- 1090 — वीमेन पावर लाइन
- 112 — पुलिस आपातकालीन सेवा
- 181 — महिला हेल्पलाइन
- 1098 — चाइल्ड हेल्पलाइन
- 1076 — मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
- 1930 — साइबर हेल्पलाइन
पुलिस प्रशासन के इस अभियान से छात्राओं में सुरक्षा और अधिकारों को लेकर आत्मविश्वास बढ़ा है, जिसकी स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है।




