वाराणसी में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की विशाल दलित चौपाल, रामविलास पासवान और कांशीराम को भारत रत्न देने सहित 5 प्रस्ताव पारित
रिपोर्ट शुभम वर्मा
वाराणसी। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) पूर्वांचल उत्तर प्रदेश के तत्वाधान में बुधवार 13 अगस्त 2026 को सुईचक गंगापुर स्थित रामलीला मैदान में “दलित चौपाल / सामाजिक समरसता भोज / कार्यकर्ता जनसंवाद” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समाज के लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष मा. राजीव पासी थे।
मुख्य अतिथि श्री पासी ने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि आज हम सब यहाँ एक महत्वपूर्ण उद्देश्य के लिए एकत्रित हुए हैं। यह चौपाल सिर्फ बैठक नहीं, बल्कि विचारों के आदान-प्रदान और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने हमें “शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो” का मूल मंत्र दिया है। आज समय की मांग है कि हम अपने बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाएं। शिक्षा के बिना समाज में बराबरी का हक नहीं मिल सकता। साथ ही आपसी मतभेद भुलाकर एक मजबूत समाज के रूप में एकजुट होना होगा।
श्री पासी ने कहा कि संविधान ने हमें वोट की ताकत और समानता का अधिकार दिया है। हमें इस ताकत को पहचानना होगा। सरकार द्वारा दलित और वंचित समाज के उत्थान के लिए छात्रवृत्ति, कौशल विकास और आवास जैसी कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। हमें आगे बढ़कर इनका लाभ लेना चाहिए और दूसरों को भी जागरूक करना चाहिए। उन्होंने गांवों से छुआछूत और सामाजिक भेदभाव जैसी कुरीतियों को जड़ से खत्म करने का संकल्प लेने को कहा।
इस अवसर पर श्री पासी ने बताया कि 10 अगस्त 2026 को पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में गंभीर विचार-विमर्श के बाद 5 महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए हैं।
1. पद्म विभूषण स्व. रामविलास पासवान जी को भारत रत्न से सम्मानित किया जाए।
2. आदरणीय स्व. कांशीराम जी को भारत रत्न से सम्मानित किया जाए।
3. सामाजिक न्याय और समरसता के लिए लखनऊ के मलीहाबाद स्थित राजा कंस पासी का किला, लखनऊ स्थित वीर शिरोमणि महाराजा बिजली पासी का किला और कौशांबी के कड़ा स्थित महाराजा कड़ेदीन पासी के किले का संरक्षण, संवर्धन एवं विकास किया जाए।
4. राष्ट्रीय युवा आयोग का गठन किया जाए।
5. राष्ट्रीय किसान आयोग का गठन किया जाए।
कार्यक्रम में प्रदेश संगठन महामंत्री श्री धनंजय दुबे, प्रदेश महासचिव श्री आशुतोष सिंह गहरवार, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री हरकेश पासवान, MLC प्रभारी श्री प्रशांत श्रीवास्तव, मण्डल अध्यक्ष श्री प्रदीप खरवार, कार्यक्रम के आयोजक जिला अध्यक्ष श्री आशीष पटेल, जिला अध्यक्ष श्री गोविन्द पासवान सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।








