

*59वें वार्षिकोत्सव पर सजेगा रसमंजरी विराट बिरहा दंगल, 1 अक्टूबर को होगा आयोजन*
वाराणसी। बड़ागणेश, मैदागिन स्थित श्री शीतला माता मंदिर के 59वें वार्षिकोत्सव के अवसर पर इस वर्ष भी “रसमंजरी” विराट बिरहा दंगल का आयोजन किया जाएगा। 1 अक्टूबर 2026, गुरुवार को आयोजित होने वाले धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
समिति के संयोजक मुन्नू लाल विश्वकर्मा ने बताया कि वार्षिकोत्सव के अवसर पर शाम 5 बजे से मां शीतला का विभिन्न पुष्पों से भव्य श्रृंगार, हवन, पूजन, आरती, स्तुति एवं पचरा गायन सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान होंगे। कार्यक्रम में श्री भवानी कीर्तन महिला मंडल की ओर से पारंपरिक भक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
धार्मिक अनुष्ठानों के बाद रात्रि 9 बजे से नरसिंह चौतरा, बड़ागणेश, मैदागिन में रसमंजरी विराट बिरहा दंगल का शुभारंभ होगा। इस वर्ष गाजीपुर के सुप्रसिद्ध बिरहा गायक चंचल यादव और आजमगढ़ के अंसार अहमद के बीच बिरहा दंगल होगा।
समिति के उपमंत्री विष्णु शर्मा (विश्वकर्मा) ने कहा कि बिरहा पूर्वांचल के जनजीवन, लोकभाषा, सामाजिक चेतना और लोकस्मृति को स्वर देने वाली समृद्ध लोकविधा है। रसमंजरी के माध्यम से इस लोकपरंपरा को लगातार मंच प्रदान किया जा रहा है, ताकि नई पीढ़ी भी पूर्वांचल की लोक-सांस्कृतिक विरासत से जुड़ सके।
सांस्कृतिक मंत्री सौरभ कुमार यादव ने कहा कि रसमंजरी का 59वां वर्ष समिति के लिए गौरव के साथ-साथ जिम्मेदारी का भी अवसर है। यह आयोजन मां शीतला की आराधना, काशी की धार्मिक परंपरा और पूर्वांचल की लोक-सांस्कृतिक विरासत को एक मंच पर जोड़ता है।
इस वर्ष कार्यक्रम में संयुक्त रूप से मुख्य अतिथि के रूप में प्रो. आशा यादव, विभागाध्यक्ष, हिंदी विभाग, वसंत कन्या महाविद्यालय, वाराणसी तथा कामेश्वर नाथ दीक्षित ‘किशन दीक्षित’, प्रदेश महासचिव, समाजवादी युवजन सभा, उत्तर प्रदेश की उपस्थिति रहेगी। विशिष्ट अतिथि के रूप में व्योमेश शुक्ल, प्रधानमंत्री, नागरी प्रचारिणी सभा, काशी तथा समाजसेवी रमाकांत जायसवाल कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएंगे।
समिति ने बताया कि आयोजन को व्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियां चल रही हैं। श्रद्धालुओं और दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
कार्यक्रम में अध्यक्ष डॉ. संतोष यादव, मंत्री प्रकाश चंद्र यादव, उपाध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता, भईया लाल सेठ, कोषाध्यक्ष रविशंकर सिंह, आय-व्यय निरीक्षक छोटे लाल विश्वकर्मा, राजन शर्मा, कार्यालय मंत्री रामेश्वर प्रसाद सहित संरक्षक मंडल के गोहन लाल यादव, छबीले लाल, गोपाल यादव, भईया लाल यादव पार्षद तथा शुभ जायसवाल, जगदीश प्रसाद आदि कार्यकर्ताओं ने रसमंजरी के रसिकों एवं काशीवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने की अपील की।

