
76 दिवसीय वार्ड प्रवास अभियान के समापन पर भावुक हुए डॉ. नीलकंठ तिवारी
वाराणसी। शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में विगत 19 जुलाई से पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी द्वारा चलाया जा रहा 76 दिवसीय वार्ड प्रवास, विशेष जनसंपर्क एवं जनशिकायत निवारण महाअभियान शुक्रवार को पियरी वार्ड में भ्रमण एवं निरीक्षण के साथ संपन्न हुआ।
अभियान के दौरान डॉ. नीलकंठ तिवारी लगातार वार्डों में पहुंचकर स्थानीय जनता से सीधे संवाद करते रहे और उनकी छोटी-बड़ी समस्याओं को सुनकर संबंधित अधिकारियों एवं विभागों के माध्यम से मौके पर ही समाधान कराने का प्रयास किया। इस अभियान को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। जनता ने भी मौके पर समस्याओं के समाधान की पहल की सराहना की।
समापन अवसर पर डॉ. नीलकंठ तिवारी ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत राजबंधु राजनारायण पार्क में 101 से अधिक पौधों का वृक्षारोपण किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ प्रधानमंत्री के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं और जनता को संबोधित करते हुए डॉ. नीलकंठ तिवारी भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि शहर दक्षिणी विधानसभा के कार्यकर्ताओं ने प्रतिदिन निर्धारित समय पर उपस्थित होकर जनता के बीच जाकर जिस समर्पण और निष्ठा के साथ इस महाअभियान को सफल बनाया, वह भाजपा संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने जनता एवं भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देवतुल्य कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने जिस प्रकार अभियान में सहयोग किया, उसके लिए वे सभी का हृदय से अभिनंदन और नमन करते हैं।
कार्यक्रम में सूचना एवं तकनीकी विभाग के संयोजक पंकज चतुर्वेदी, राजीव सिंह डब्बू, बृजेश पटेल, तारकेश्वर गुप्ता बंटी, श्रवण गुप्ता, संदीप चौरसिया, सुनील यादव, जया केसरी, अच्छेबर सिंह, अंकुर मल्होत्रा, गोपाल गुप्ता, मनोज यादव, रौशन गुजराती, नितेश जायसवाल सागर, अमरेश गुप्ता, कनकलता मिश्रा, नलिन नयन मिश्र, मनोज गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

