ग्राम सभा लेहरा में थिंकर्स-एवोल्यूशन्स फाउंडेशन ट्रस्ट की बैठक आयोजित
लेहरा (चंदौली)। शुक्रवार को ग्राम सभा लेहरा के पंचायत भवन में थिंकर्स-एवोल्यूशन्स फाउंडेशन ट्रस्ट की ओर से ग्रामीण वासियों की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सचिव, ग्राम प्रधान सहित गांव के दर्जनों लोग मौजूद रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य गांव की सड़कों को शौच मुक्त बनाने की दिशा में जागरूकता का माहौल तैयार करना रहा। संस्था के पदाधिकारियों ने ग्रामीणों को स्वच्छता के महत्व, खुले में शौच से होने वाली बीमारियों तथा स्वच्छ वातावरण के लाभों के बारे में विस्तार से बताया। ग्रामीणों को प्रेरित किया गया कि वे अपने घर-आँगन और गलियों को स्वच्छ रखें तथा बच्चों और परिवार के स्वास्थ्य को सुरक्षित बनाने के लिए शौचालय का उपयोग करें।
इस दौरान जिन परिवारों के पास शौचालय नहीं है, उन्हें शौचालय उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिलाया गया।
कार्यक्रम का संचालन संस्था के संस्थापक करुणेश पांडेय ने किया। इस अवसर पर राजेश, जितेंद्र, निरमा, सूरज, गोलू, गोल्डन, गुलाब, महमू, लकड़ू, रामाशीष, राहुल सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।






