
*चिरईगांव/वाराणसी -*
दस दिवसीय शारदीय नवरात्र का आज से शुभारंभ हो गया जिसे लेकर श्रद्धालुओं व आस्थावानों का उत्साह चरम पर है।जहां एक ओर जिला प्रशासन भी शारदीय नवरात्र व दुर्गा पूजा की तैयारियों को लेकर अलर्ट मोड में है तो वहीं दूसरी ओर चिरईगांव विकास खण्ड का पंचायत विभाग संभवत: कुम्भकर्णी निद्रा में है।आलम यह है कि दुर्गा पूजा के पश्चात मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी क्षेत्र के सोनबरसा तालाब का चयन किया गया है जिसमें क्षेत्र के सोनबरसा,चौबेपुर,चंद्रावती,बर्थराकलां,उमरहां,खरगीपुरसहित दो दर्जन से अधिक गांवों के दुर्गा पंडालों से मां दुर्गा प्रर्तिमाओं का विसर्जन होता है लेकिन सोनबरसा तालाब की हालत काफी दयनीय नजर आ रही। स्थिति यह है कि तालाब में भेड़ बकरियों का जमाबड़ा लगा रहता है और तालाब में फिलहाल पानी नजर नहीं आ रहा है।
*तालाब सफाई के नाम पर खानापूर्ति*
स्थानीय ग्रामीण गोपाल लाल,अनंत लाल श्रीवास्तव,सरोजनी श्रीवास्तव,बबलू पटेल,दुर्ग विजय चौबे,तारा देवी आदि का कहना था कि मूर्ति विसर्जन के नाम पर तालाब सफाई के लिए पंचायत विभाग भारी भरकम बजट खर्च करता है लेकिन परिणाम के नाम पर वही ढाक के तीन पात।
*महज 40 मीटर कच्ची नाली की नहीं हो सकी सफाई-*
सफाई व्यवस्था का आलम यह है कि ब्लाक में सफाई कर्मियों एवं मनरेगा मजदूरों की पूरी फौज है जो चाहे तो क्या नहीं कर सकती लेकिन लापरवाही इस कदर है कि नलकूप की पक्की नाली से अटैच तालाब तक जाने वाली महज 40 मीटर लम्बी कच्ची नाली की सफाई तक नहीं हो सकी जिसके कारण तालाब में पानी नहीं पहुंच रहा।
*नलकूप विभाग सक्रिय पर तालाब तक नहीं पहुंचा सका पानी-*
मूर्ति विसर्जन के लिए चिन्हित सोनबरसा तालाब को भरने के लिए नलकूप विभाग सक्रिय हैं लेकिन नाली की सफाई न होने के कारण रविवार को दिनभर नलकूप चलने के बाद भी पानी तालाब तक नही पहुंच सका।नलकूप आपरेटर का कहना था कि यदि बिजली व्यवस्था ठीक रही तो तालाब को पूरा भरे में लगभग 15 दिन लगते हैं ऐसे में अब तालाब को पूरा भर पाना मुश्किल होगा।
*बोले जिम्मेदार अधिकारी-*
इस सम्बंध में एडीओ पंचायत कमलेश सिंह का कहना था कि तालाब की सफाई के लिए सफाईकर्मियों को निर्देशित किया गया है लेकिन सोनबरसा ग्राम प्रधान की लापरवाही से तालाब व नाली की सफाई में मुश्किलें आ रही हैं।पंचायत सचिव राजेश वर्मा का कहना था कि अभी इसी माह में मैने ग्राम पंचायत का चार्ज संभाला है समय सीमा के अंदर तालाब की सफाई कराने का प्रयास करूंगा जिससे मूर्ति विसर्जन में आस्थावानों को कोई असुविधा न हो।बीडीओ से बात करने का प्रयास किया गया लेकिन उनका मोबाइल कवरेज क्षेत्र के बाहर था।





