“चिरईगांव में आधुनिक लैब का उद्घाटन, अब मुफ्त होगी महंगी जांचें


चिरईगांव/वाराणसी, रविवार – स्वस्थ नारी सशक्त परिवार पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) चिरईगांव पर रविवार को आधुनिक लैब का उद्घाटन कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने किया।
उद्घाटन अवसर पर मंत्री ने कहा कि अब मरीजों को महंगी जांच कराने के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। यहां पर केएफटी, एलएफटी, लिपिड प्रोफाइल और सीआरपी जैसी महत्वपूर्ण जांचें गरीब मरीजों के लिए निशुल्क उपलब्ध होंगी।
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के तहत सफाई मित्र स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया, जिसमें 75 से अधिक सफाईकर्मियों के खून के नमूने जांचे गए। इसके साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा पोषाहार से बने व्यंजनों की प्रदर्शनी भी लगाई गई।
इस मौके पर पीएचसी प्रभारी डॉ. मनोज कुमार वर्मा, सीएचसी अधीक्षक नरपतपुर डॉ. रखजनाथ, डॉ. संतोष कुमार, आरबीएसके के डॉ. आर.के. सिंह, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ. मानसी गुप्ता, एआरओ कर्णिका सिंह, फार्मासिस्ट, स्वास्थ्य कर्मी, आशा, एएनएम समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।





