चंदौली में सियासी संग्राम : सपा नेता मनोज सिंह डब्लू पर केस दर्ज, एक्सईएन को दी थी चप्पल से बात करने की चेतावनी

चंदौली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू एक बार फिर सुर्खियों में हैं। कंदवा थाने में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई लघु डाल विभाग के एक्सईएन सूर्याकांत सिंह की शिकायत पर हुई। आरोप है कि मनोज सिंह ने लोक सेवक को काम में बाधा पहुँचाई, धमकी दी और सोशल मीडिया पर अपमानजनक वीडियो पोस्ट किया। मामला बी.एन.एस. की धारा 221 व 351(2) के तहत पंजीकृत किया गया है। एएसपी अनंत चंद्रशेखर ने मुकदमा दर्ज होने की पुष्टि की है।
दरअसल, कुछ दिन पहले पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू चारी पम्प कैनाल के निरीक्षण पर पहुंचे थे, जहाँ किसानों ने शिकायत की कि धान की फसल सूख रही है और पम्प बंद पड़े हैं। इस पर भड़कते हुए सपा नेता ने अधिकारियों और भाजपा जनप्रतिनिधियों पर लापरवाही का आरोप लगाया था। उन्होंने एक्सईएन को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया और कहा कि अगर पानी नहीं छोड़ा गया तो किसान धरने पर बैठेंगे।
इसी दौरान उन्होंने एक वीडियो बनाकर फेसबुक पर पोस्ट किया, जिसमें वे चप्पल लहराते हुए कहते दिखे कि “अगर पम्प नहीं चले तो इसी से बात होगी।” प्रशासन ने इस बयान और वीडियो को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए मनोज सिंह डब्लू ने कहा —
“मुझे किसी मुकदमे की जानकारी नहीं है। किसानों की आवाज उठाना मेरा फर्ज है और मैं किसानों के हक की लड़ाई लड़ता रहूंगा।”
चंदौली की सियासत में अब यह मामला एक नया विवाद खड़ा कर चुका है, जहाँ किसान संकट के बीच राजनीति का पारा भी चढ़ गया है।
रिपोर्ट शिवम् विश्वकर्मा





