होटल में संदिग्ध गतिविधियों का आरोप, हर रात नई लड़कियों के आने से भड़के ग्रामीण — पुलिस पर संरक्षण देने का आरोप
होटल में संदिग्ध गतिविधियों का आरोप, हर रात नई लड़कियों के आने से भड़के ग्रामीण — पुलिस पर संरक्षण देने का आरोप

चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के दुलहीपुर इलाके में स्थित SKY रूम्स कैफे नामक होटल में शनिवार की रात उस वक्त हंगामा मच गया जब ग्रामीणों ने वहां संदिग्ध गतिविधियों का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि होटल में हर रात नई-नई लड़कियां लाई जाती हैं और देर रात तक अज्ञात लोगों का आना-जाना लगा रहता है।
ग्रामीणों ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं कि शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं की जा रही, बल्कि पुलिस ऐसे होटल संचालकों को संरक्षण दे रही है। बताया गया कि यह होटल दुलहीपुर की एक संकरी गली में संचालित है, जिससे लोगों को लंबे समय से शक था।
शनिवार की देर रात बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और नारेबाजी शुरू कर दी। सूचना पर चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ पहुंचे और किसी तरह स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने होटल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इससे पहले महाबलपुर गांव के लोगों ने भी इस होटल के खिलाफ शिकायत की थी, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। फिलहाल, पूरे इलाके में इस घटना की चर्चा है और लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर इस कैफे में हर रात क्या होता है।
एसपी आदित्य लांघे ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दिए हैं और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की बात कही है।
रिपोर्ट शिवम् विश्वकर्मा