
चिरईगांव, वाराणसी। विकासखंड चिरईगांव के ब्लॉक मुख्यालय सभागार में गुरुवार को ब्लॉक प्रमुख अभिषेक सिंह की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत सदस्यों की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में क्षेत्र के विकास को नई दिशा देते हुए ₹2 करोड़ 65 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्यों का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।

क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने अपने-अपने वार्डों की प्राथमिक समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इनमें सीवर व्यवस्था, हाईमास्ट लाइट, इंटरलॉकिंग, साफ-सफाई और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं से संबंधित कार्य शामिल हैं। ब्लॉक प्रमुख अभिषेक सिंह ने सदस्यों को आश्वस्त किया कि प्रस्तावित कार्यों को जल्द से जल्द और प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।
शिक्षा और स्वास्थ्य पर भी फोकस
बैठक में सिर्फ भौतिक विकास ही नहीं, बल्कि शिक्षा और स्वास्थ्य पर भी चर्चा हुई। सदस्यों ने सोलर हाईमास्ट लाइट, सहकारी समितियों का पुनर्निर्माण, आरओ प्लांट और शिक्षा से संबंधित कार्यों के लिए भी प्रस्ताव रखे।
सरकारी स्कूलों की प्रगति: खंड शिक्षा अधिकारी प्रीति सिंह ने जानकारी दी कि सरकारी विद्यालय अब निजी स्कूलों को कड़ी टक्कर दे रहे हैं। उन्होंने यह भी घोषणा की कि आगामी माह से प्राथमिक विद्यालयों में “विधायक खेल प्रतियोगिता” की शुरुआत की जाएगी।
पशु रोग निवारण: पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.ए. चौधरी ने बैठक में उपस्थित लोगों को लंपी और गलाघोटू जैसी संक्रामक पशु बीमारियों की रोकथाम और उपचार के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
बैठक का सफल संचालन जेई एम.आई. अशोक यादव और एडीओ पंचायत कमलेश सिंह ने किया, जबकि बीडीओ ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। इस अवसर पर एचईओ डॉ. मानसी गुप्ता, एडीओ सांख्यिकी हवलदार यादव, लेखाधिकारी कल्लू कन्नौजिया सहित सभी विभागीय अधिकारी, क्षेत्र पंचायत सदस्य और ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।





