छठ महापर्व पर बबुरी में तैयारियां पूरी, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए प्रशासन अलर्ट
घाटों पर गोताखोरों की टीम तैनात, ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने कसी कमर
बबुरी (चंदौली)। लोक आस्था के महापर्व डाला छठ को लेकर बबुरी क्षेत्र में तैयारियां जोरों पर हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने सभी छठ घाटों पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। घाटों की सफाई पूरी हो चुकी है और सजावट का कार्य अंतिम चरण में है।
बबुरी थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश मिश्रा लगातार घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पर्व के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहेगा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए गोताखोरों की टीम घाटों पर तैनात की जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत पहुंचाई जा सके।
थानाध्यक्ष ने कहा कि छठ पर्व लोक आस्था और पवित्रता का प्रतीक है, इसलिए प्रशासन श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के प्रति पूरी तरह सजग और तत्पर है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस कर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं और गश्त को बढ़ाया गया है।
इसके साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष पुलिस टीमों की तैनाती की गई है। थाना प्रभारी ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे श्रद्धा, अनुशासन और सौहार्द के साथ पर्व मनाएं, तथा किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध वस्तु/व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
बबुरी में छठ पर्व को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन और पुलिस ने मिलकर सुरक्षा, सफाई और ट्रैफिक व्यवस्था को सुनिश्चित किया है, ताकि श्रद्धालु निश्चिंत होकर सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित कर सकें।
रिपोर्ट: शिवम् विश्वकर्मा







