बबुरी (हटिया) में छठ महापर्व पर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, प्रशासन व हटिया के पूर्व प्रधान मृत्युंजय जी ने किया घाटों का निरीक्षण
चंदौली। लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूजा मंगलवार की सुबह श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के माहौल में संपन्न हुआ। बबुरी (हटिया) क्षेत्र के विभिन्न तालाबों और पोखरों पर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए हजारों श्रद्धालु पहुंचे। सुबह की पहली किरण के साथ ही घाटों पर “जय छठी मइया” और “सूर्य देवता की जय” के गगनभेदी जयकारे गूंज उठे।
महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में खड़े होकर जल में सूर्य देव को दूध, जल और ठेकुआ अर्पित किया। इस दौरान पूरा वातावरण भक्ति और पवित्रता से ओत-प्रोत नजर आया। श्रद्धालुओं ने अपने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु और जीवन में शांति की कामना की।
घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। प्रशासन की ओर से पुलिस बल, गोताखोर और स्वास्थ्यकर्मी तैनात किए गए थे ताकि किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो। वहीं, हटिया के पूर्व प्रधान मृत्युंजय जी ने घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर सुरक्षा, सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की समीक्षा की तथा प्रशासनिक प्रयासों की सराहना की।
पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल रहा। घाटों पर छठ मइया के गीत गूंजते रहे और व्रती महिलाओं की आस्था देखते ही बनती थी। बबुरी (हटिया) का पूरा क्षेत्र मंगलवार की सुबह छठ मइया की भक्ति में सराबोर नजर आया, जहां हर कोई आस्था के सागर में डूबा दिखा।
रिपोर्ट:शिवम् विश्वकर्मा






