चंदौली हादसा: 36 घंटे बाद चंद्रप्रभा नदी से तीन किशोरों के शव बरामद, छठ पूजा के दौरान पलटी थी नाव
चंदौली। जिले के बबुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत कोदोचक गांव में छठ पूजा के दौरान हुई दर्दनाक नाव हादसे में डूबे तीनों किशोरों के शव आखिरकार 36 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बरामद कर लिए गए। एनडीआरएफ की टीम ने मंगलवार को एक शव और बुधवार को दो शवों को चंद्रप्रभा नदी से बाहर निकाला।
यह हादसा सोमवार शाम उस वक्त हुआ था जब कुछ युवक जुगाड़ की एक जर्जर नाव में सवार होकर छठ पूजा का वीडियो बना रहे थे। नाव में सवार छह युवकों में से मंटू, पिंटू सोनकर और रितेश सोनकर किसी तरह तैरकर बाहर आ गए, जबकि यश (16), पीयूष (13) और अरुण (14) तैरना न आने के कारण नदी में डूब गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नाव के असंतुलित होने और कुछ युवकों द्वारा शराब पीने की आशंका के चलते यह हादसा हुआ। घटना के बाद क्षेत्र में कोहराम मच गया। वहीं, चकिया विधायक समेत कई जनप्रतिनिधियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य में हो रही देरी पर अधिकारियों को फटकार लगाई।
एनडीआरएफ और गोताखोरों की टीम ने मोटर बोट की मदद से लगातार तलाशी अभियान चलाया, जिसके बाद 36 घंटे की मेहनत के बाद तीनों शवों को नदी से बाहर निकाला गया। शवों के मिलने के बाद गांव में मातम पसर गया है, परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रिपोर्ट ~ शिवम् विश्वकर्मा





