डीडीयू जंक्शन पर घटिया उत्पादों की बिक्री का वीडियो वायरल, रेलवे ने की जांच टीम गठित
चंदौली। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (डीडीयू) पर यात्रियों की सेहत से खिलवाड़ करने वाला एक बड़ा मामला सामने आया है। स्टेशन परिसर में सुधा के नाम पर चल रहे एक स्टॉल पर ब्रांडेड उत्पादों के बजाय लोकल और निम्न गुणवत्ता वाले पेय पदार्थ खुलेआम बेचे जा रहे थे। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में देखा गया कि स्टॉल संचालक यात्रियों को कंपनी के ब्रांडेड लस्सी, मिल्क शेक और कोल्ड कॉफी की जगह स्थानीय बाजार से लाए गए सस्ते और घटिया उत्पाद दे रहे थे। जैसे ही कैमरा ऑन हुआ, संचालक ने अपने उत्पादों को छिपाने की कोशिश की। रेलवे नियमों का यह खुला उल्लंघन यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य दोनों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गया है।
मामला सामने आने के बाद रेलवे प्रशासन ने तत्काल जांच टीम गठित की है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि डीडीयू जंक्शन से प्रतिदिन 200 से अधिक ट्रेनें गुजरती हैं और यहां हजारों यात्री खाने-पीने का सामान खरीदते हैं। ऐसे में स्टेशन पर निम्न गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री से रेलवे की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। अब देखना यह होगा कि जांच के बाद रेलवे दोषियों के खिलाफ क्या कदम उठाता है।
चंदौली से ~ शिवम् विश्वकर्मा की रिपोर्ट





