बारिश में भी थमी नहीं एकता की दौड़ः बबुरी पुलिस ने सरदार पटेल जयंती पर ‘रन फॉर यूनिटी’ में दिया अनुशासन और समर्पण का संदेश
चंदौली। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को चंदौली के बबुरी थाना क्षेत्र में ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर तेज बारिश के बावजूद बबुरी पुलिस के जवानों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और देश में एकता, अनुशासन और समर्पण का संदेश दिया।
यह दौड़ परमवीर चौक से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से होती हुई वापस परमवीर चौक पर समाप्त हुई। थाना प्रभारी निरीक्षक सूर्य प्रकाश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने जोश और देशभक्ति से भरे अंदाज में दौड़ लगाई।
इस मौके पर थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश मिश्रा ने कहा कि सरदार पटेल ने अपने अदम्य साहस और नेतृत्व से देश को एकता के सूत्र में बांधा। हमें उनके आदर्शों को अपनाकर समाज में भाईचारा, सौहार्द और एकजुटता को बनाए रखना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में पुलिसकर्मियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और समर्पण की शपथ ली। बारिश के बीच दौड़ते हुए जवानों ने यह संदेश दिया कि परिस्थितियाँ कैसी भी हों, देश की एकता और अनुशासन सर्वोपरि है।
चंदौली से ~ शिवम् विश्वकर्मा की रिपोर्ट





