बंशीपुर में विजिलेंस का अचानक छापा, सरकारी योजनाओं में गड़बड़ी के शक पर मची हलचल — अधिकारियों की सख्ती से सहमे ग्रामीण
चंदौली। बबुरी थाना क्षेत्र के बंशीपुर गांव में बुधवार की सुबह अचानक विजिलेंस विभाग की टीम के पहुंचते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। तड़के हुई इस छापेमारी में टीम ने गांव के कई लोगों के ठिकानों पर जांच-पड़ताल की, जिसमें सचिदानंद तिवारी और घनश्याम मौर्य सहित अन्य नाम सामने आए हैं।
सूत्रों के अनुसार, विजिलेंस को पिछले कुछ दिनों से शिकायतें मिल रही थीं कि क्षेत्र में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में वित्तीय अनियमितताएं और फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इन्हीं शिकायतों की जांच के लिए विभाग ने यह कार्रवाई की। टीम ने मौके से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और रजिस्टर अपने कब्जे में लिए हैं।
विजिलेंस अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने बताया — “हमें लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ लोग सरकारी योजनाओं से जुड़े कार्यों में गड़बड़ी कर रहे हैं। छापेमारी के दौरान कुछ अहम साक्ष्य मिले हैं, जिन्हें सत्यापन के लिए भेजा जा रहा है। आगे की कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।”
मौके पर मौजूद बबुरी थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश मिश्रा ने कहा कि “विजिलेंस टीम को पूरा सहयोग दिया गया। कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से हुई और किसी को भी कानून से ऊपर नहीं माना जाएगा।”
छापेमारी की खबर फैलते ही पूरे गांव में दहशत और चर्चा का माहौल बन गया। स्थानीय निवासी रामनयन ने बताया कि “सुबह-सुबह इतनी गाड़ियां देखकर लोग घबरा गए थे। बाद में पता चला कि विजिलेंस की टीम आई है। अगर गड़बड़ी हुई है तो कार्रवाई होना ही चाहिए।”
विजिलेंस की इस सख्त कार्रवाई ने न सिर्फ बंशीपुर बल्कि आसपास के इलाकों में भी हलचल मचा दी है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर प्रशासन इसी तरह ईमानदारी से कदम उठाता रहा, तो भ्रष्टाचार पर निश्चित रूप से अंकुश लगेगा।
चंदौली से ~ शिवम् विश्वकर्मा की रिपोर्ट





