चंदौली में मुठभेड़ः मासूम से दरिंदगी करने वाले दोनों आरोपी पुलिस की गोली से ढेर, आरक्षी घायल
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के सरने गांव में 6 वर्षीय मासूम बच्ची से दुष्कर्म और हत्या करने वाले दोनों आरोपियों की शुक्रवार को पुलिस से मुठभेड़ हो गई। रेवसा रेलवे क्रासिंग अंडरपास के पास हुई इस मुठभेड़ में दोनों दरिंदों रंजित और लेखराज के पैर में गोली लगी, जबकि आरक्षी रोशन यादव भी घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए नियामताबाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे स्वयं मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि सरने गांव में मंगलवार की रात छह वर्षीय बच्ची का शव भूसे के ढेर में मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने गांव के ही रंजित और लेखराज को गिरफ्तार किया था। शुक्रवार को जब पुलिस दोनों को कोर्ट में पेश करने ले जा रही थी, तभी आरोपियों ने पुलिस पर हमला कर भागने की कोशिश की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों को गोली लगी और वे मौके पर ही गिर पड़े।
एसपी ने बताया कि दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि मासूमों के साथ हैवानियत करने वालों को किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ा जाएगा — कानून अपना काम करेगा और हर दरिंदे को उसके अपराध की सजा मिलेगी।
चंदौली से ~ शिवम् विश्वकर्मा की रिपोर्ट





