चकिया में देव दीपावली की भव्य तैयारियाँ पूरी, आज जगमगाएंगे 11 हज़ार दीप
मां काली मंदिर पोखरे घाट पर होगा सांस्कृतिक कार्यक्रम, रंगोली और गंगा आरती से सजेगा माहौल
चकिया। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर इस बार चकिया में देव दीपावली काशी की तर्ज पर भव्यता और आस्था के साथ मनाई जाएगी। मां काली मंदिर पोखरे के घाटों को 5100 से बढ़ाकर 11,000 दीपों से सजाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। दीपों की सुनहरी रोशनी से पूरा घाट जगमगा उठेगा और भक्ति का माहौल छा जाएगा।
ओम सेवा समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाएँ आकर्षक रंगोलियाँ बनाकर घाट को सजाएँगी। गंगा आरती और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से देव दीपावली का आयोजन और भी मनमोहक बनेगा।
ओम सेवा समिति के अध्यक्ष अमरदीप मोदनवाल एवं महामंत्री दीपक चौहान ने बताया कि तालाब और घाट की सफाई पूरी हो चुकी है, जबकि सजावट का कार्य मंगलवार से प्रारंभ हो गया है। आयोजन को भव्य और यादगार बनाने में समिति के सदस्य कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।
कार्यक्रम की तैयारियों में सुजीत जायसवाल, आलोक जायसवाल, मनीष जायसवाल, शुभम मोदनवाल, राहुल विश्वकर्मा, मनीष तिवारी, अंकित कुमार राज, जमुना सोनकर, लोकनाथ सिंह, प्रभात मौर्य, विनोद केसरी, अभिषेक यादव और प्रिंस गुप्ता सहित पूरी टीम सक्रिय रूप से जुटी हुई है।
आज शाम सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ जब घाट 11 हज़ार दीपों से आलोकित होगा, तो दृश्य काशी की देव दीपावली की भव्यता को भी मात देता नज़र आएगा।
चंदौली से शिवम् विश्वकर्मा की रिपोर्ट






