भभुआर गांव में बढ़ा तनाव: घायल की मौत के बाद उफना ग्रामीणों का ग़ुस्सा, सड़क पर शव रखकर किया प्रदर्शन
चंदौली। बबुरी थाना क्षेत्र के भभुआर गांव में तीन दिन पहले हुए विवाद का मामला अब गंभीर रूप ले चुका है। वाराणसी में इलाज के दौरान घायल दुलार (उम्र लगभग 45 वर्ष) ने दम तोड़ दिया, जिसके बाद गांव में मातम और ग़ुस्से का माहौल फैल गया।
जैसे ही मौत की खबर गांव पहुंची, परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यवाही पर सवाल उठाते हुए मुख्य मार्ग पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने समय रहते न तो एफआईआर दर्ज की, और न ही आरोपियों पर कोई ठोस कदम उठाया।
परिजनों का कहना है कि अगर पुलिस ने शुरुआत में ही सख्त कार्रवाई की होती, तो आज दुलार की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की।
सूचना पर बबुरी व चकिया पुलिस के अधिकारी और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारी ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मामले में एफआईआर दर्ज की जा चुकी है और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द सुनिश्चित की जाएगी।
हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन स्थानीय विवादों और शांति व्यवस्था को लेकर लापरवाह बना हुआ है, जिससे आम लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच गंभीरता से चल रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल गांव में शांति बनी हुई है, लेकिन माहौल अब भी तनावपूर्ण है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
चंदौली से रिपोर्ट — शिवम् विश्वकर्मा






