चंदौली ब्रेकिंग: 15 दिन से भूख हड़ताल पर बैठी महिलाओं ने एसडीएम के आश्वासन पर आंदोलन किया समाप्त
“उचित मुआवजा और पुनर्वास की मांगें होंगी पूरी”— प्रशासन ने दिया भरोसा
चंदौली। डीडीयू नगर तहसील के रेवसा गांव में भारत परियोजना से विस्थापन को लेकर पिछले 15 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठी महिलाओं का संघर्ष आखिरकार रंग लाया। शनिवार को प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद महिलाओं ने भूख हड़ताल समाप्त कर दी।
सूत्रों के अनुसार, प्रभावित ग्रामीणों को परियोजना के कारण विस्थापन की स्थिति का सामना करना पड़ रहा था, जिसके लिए महिलाओं ने उचित मुआवजा और सुरक्षित पुनर्वास की मांग उठाई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीडीयू नगर के एसडीएम अनुपम मिश्रा और सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारी महिलाओं से वार्ता कर उन्हें जूस पिलाते हुए हड़ताल खत्म कराई।
अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि विस्थापित परिवारों के साथ अन्याय नहीं होगा और नियमों के आधार पर उचित मुआवजा एवं पुनर्वास की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन के इस आश्वासन के बाद महिलाओं ने अपना धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
इस घटनाक्रम पर कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह मुन्ना ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि—
“यह महिलाओं के धैर्य और संघर्ष की बड़ी जीत है। यदि प्रशासन अपने वादे से पीछे हटता है, तो कांग्रेस एक बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगी।”
रेवसा गांव में आंदोलन के खत्म होने के बाद गांव में कुछ हद तक राहत जरूर दिखी है, लेकिन अब ग्रामीणों की निगाहें प्रशासनिक फैसलों पर टिकी हुई हैं। प्रभावित परिवारों को उम्मीद है कि सरकार और प्रशासन जल्द ही उनके भविष्य के लिए ठोस कदम उठाएगा ।
चंदौली से ~ शिवम् विश्वकर्मा की रिपोर्ट







