चंदौली बबुरी में पुलिस का पैदल गश्त व वाहन कागजात चेकिंग अभियान, बाजार क्षेत्र में बढ़ाई गई सुरक्षा
चंदौली/बबुरी:
एसपी चंदौली आदित्य लांघे के निर्देशन में बबुरी मार्केट क्षेत्र सहित पूरे थाना क्षेत्र में शनिवार को व्यापक पैदल गश्त व वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। निरीक्षक सूर्यप्रकाश मिश्रा एवं बबुरी चौकी इंचार्ज संजीत कुमार सिंह के मार्गदर्शन में सभी थानाध्यक्ष/प्रभारियों ने मुख्य मार्गों, भीड़भाड़ वाले बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती प्रदान करते हुए सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराई।
पुलिस टीमों ने पैदल भ्रमण के साथ कार व बाइक चालकों के कागजातों की गहन जांच की। बिना आवश्यक दस्तावेज वाले वाहनों को रोककर आवश्यक कार्रवाई की गई। गश्त के दौरान पुलिस ने स्थानीय लोगों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा संबंधी जागरूकता भी दी और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की।
अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता बढ़ाकर आमजन में सुरक्षा का भाव जागृत करना और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना था। पूरे अभियान के दौरान बबुरी पुलिस पूर्णतः सतर्क और सक्रिय दिखाई दी, जिससे बाजार क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल और मजबूत हुआ।
चंदौली बबुरी से ~ शिवम् विश्वकर्मा की रिपोर्ट






