प्रेस विज्ञप्ति
मानवाधिकार दिवस की पूर्व संध्या पर
मानवाधिकार है सबका हक न कोई छोटा बड़ा वर्ग
स्थान – हरपालपुर,टिकरी, बेटाबर काशी विद्यापीठ वाराणसी
दिनांक – 9 दिसंबर 2025
आज मानवाधिकार दिवस के पूर्व संध्या के अवसर पर *सृजन सेवा ट्रस्ट, लठिया–बच्छाव*, वाराणसी के नेतृत्व में ग्राम पंचायत हरपालपुर,टिकरी,बेटाबर ग्राम पंचायत में जागरूकता कार्यक्रम एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण समुदाय, महिलाओं, किशोरियों, युवाओं तथा आम नागरिकों को मानवाधिकारों, समानता, गरिमा और न्याय के मूलभूत सिद्धांतों के प्रति जागरूक करना था । वक्ताओं ने सम्बोधित करते हुए कहा कि 10 दिसंबर 1948 को संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा सार्वभौमिक मानवाधिकार घोषणा पत्र अपनाया गया था, जिसके बाद हर वर्ष इस दिन को विश्वभर में मानवाधिकार दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस घोषणा पत्र ने दुनिया को यह संदेश दिया कि हर मनुष्य सिर्फ इंसान होने के नाते सम्मान, स्वतंत्रता, सुरक्षा और समानता का हकदार है, मानवाधिकार केवल कानूनों में लिखे शब्द नहीं बल्कि दैनिक जीवन की अनिवार्य ज़िम्मेदारियाँ हैं। किसी भी समाज के विकास का आधार तभी मजबूत होता है जब प्रत्येक व्यक्ति—चाहे वह महिला हो, पुरुष, बच्चा, युवा, वृद्ध या दिव्यांग—अपने अधिकारों से परिचित हो और बिना भेदभाव के उन्हें प्राप्त कर सके।
कार्यक्रम में उपस्थित दर्जनों महिलाओं, किशोरियों और युवाओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया और मानवाधिकार संरक्षण से जुड़े अपने विचार साझा किए। ग्रामीण महिलाओं ने कहा कि जागरूकता बढ़ने से घरेलू हिंसा रोकने, बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने पर समझ विकसित की गई। कार्यक्रम में सृजन सेवा ट्रस्ट से प्रियंका,बिंदु कुमारी,राजेश सिंह की भागीदारी रही।




