एसपी आदित्य लांघे के निर्देश पर Addl SP अनंत चंद्रशेखर और CO कृष्ण मुरारी शर्मा ने बबुरी थाने का औचक निरीक्षण किया, गस्त और पुलिसिंग को प्रभावी बनाने के दिए सख्त निर्देश
चंदौली। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांघे के निर्देश पर गुरुवार शाम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (Addl SP) अनंत चंद्रशेखर और मुगलसराय के क्षेत्राधिकारी (CO) कृष्ण मुरारी शर्मा ने बबुरी थाने का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना कार्यालय, हवालात, CCTNS कार्यालय, विवेचना कक्ष और महिला हेल्प डेस्क सहित विभिन्न इकाइयों की व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली का विस्तृत जायजा लिया।
Addl SP और CO ने थाना स्टाफ को निर्देशित किया कि सभी रजिस्टर और रिकॉर्ड नियमित रूप से अपडेट किए जाएं, थाने की साफ-सफाई बनाए रखी जाए और कार्यप्रणाली में सुधार लाया जाए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने हिस्ट्रीशीटर रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर, मासिक निरीक्षण रजिस्टर और अपराध रजिस्टर की भी समीक्षा की। निरीक्षण में मिली कमियों को सुधारने के लिए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए।
विशेष रूप से दोनों अधिकारियों ने गस्त व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि रात्री गश्त नियमित और सघन हो, संवेदनशील क्षेत्रों में पिकेटिंग बढ़ाई जाए और संदिग्ध व्यक्तियों तथा वाहनों की गहन जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सक्रिय गस्त और सतर्क पुलिसिंग अपराध नियंत्रण में मदद करेगी और जनता के बीच पुलिस पर विश्वास मजबूत करेगी।
साथ ही उन्होंने लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण और वांछित व फरार अभियुक्तों की त्वरित गिरफ्तारी पर जोर दिया। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी मामलों का समयबद्ध निपटारा किया जाना चाहिए।
औचक निरीक्षण के बाद Addl SP और CO ने थाना स्टाफ को जिम्मेदार, सतर्क और संवेदनशील बने रहने की सलाह दी। उनके निर्देशों से बबुरी थाने की कार्यप्रणाली और गस्त व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है। यह कदम अपराध नियंत्रण और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
चंदौली बबुरी से ~ शिवम् विश्वकर्मा की रिपोर्ट









