सांसद दर्शना सिंह को मिली नई जिम्मेदारी, राष्ट्रीय परिषद की सदस्य बनीं
चंदौली। भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह को राष्ट्रीय परिषद का सदस्य नियुक्त कर उनके राजनीतिक कद को और मजबूती दी है। पार्टी संगठन में लंबे समय से सक्रिय भूमिका, अनुभव और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को देखते हुए केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपी है। कार्यकर्ताओं ने इसे क्षेत्र के लिए गौरव और भरोसे का प्रतीक बताया है।
राष्ट्रीय परिषद की सदस्य बनाए जाने पर दर्शना सिंह ने पार्टी के केंद्रीय व प्रदेश नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ संगठन और राष्ट्र की सेवा का अवसर है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा आज देश के विकास और राष्ट्र निर्माण की अग्रणी शक्ति बन चुकी है।
दर्शना सिंह ने विश्वास जताया कि वह इस नई भूमिका के जरिए संगठन की नीतियों और कार्यक्रमों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने तथा जनहित के कार्यों को गति देने का प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत संगठनात्मक ढांचा, अनुशासन और कार्यकर्ता-आधारित संस्कृति है।
उन्होंने भरोसा जताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भाजपा “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मंत्र के साथ विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ेगी। राष्ट्रीय परिषद में शामिल किए जाने पर पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उन्हें बधाई दी और सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
चंदौली बबुरी से ~ शिवम् विश्वकर्मा की रिपोर्ट






