बबुरी में पुलिस का कड़ा पहरा, पैदल गश्त और सघन चेकिंग से सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
चंदौली।
जनपद में कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार सक्रिय दिखाई दे रहा है। आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक चंदौली श्री आदित्य लांघे के निर्देशन में बबुरी थानाध्यक्ष श्री सूर्य प्रकाश मिश्रा के नेतृत्व में थाना क्षेत्र में व्यापक पैदल गश्त एवं सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत बबुरी थाना क्षेत्र के प्रमुख मार्गों, बाजारों और संवेदनशील व भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल ने पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखी गई, वहीं दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर कागजातों की बारीकी से जांच की गई। पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए उनका पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इस अभियान में बबुरी चौकी इंचार्ज संजीत कुमार सिंह, सब-इंस्पेक्टर अजय कुमार यादव सहित समस्त बबुरी पुलिस बल पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहा। पुलिसकर्मियों ने दुकानदारों, व्यापारियों और राहगीरों से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
थानाध्यक्ष श्री सूर्य प्रकाश मिश्रा ने कहा कि बबुरी पुलिस हर स्थिति में सतर्क है और क्षेत्र में किसी भी प्रकार की आपराधिक या अवैध गतिविधि को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संदिग्ध व्यक्तियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की इस मुस्तैदी से जहां असामाजिक तत्वों में दहशत का माहौल बना है, वहीं आम नागरिकों ने खुद को पहले से अधिक सुरक्षित महसूस किया। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी इस तरह के अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे, जिससे क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था कायम रह सके।
चंदौली बबुरी से ~ शिवम् विश्वकर्मा की रिपोर्ट






