चकिया में श्रद्धा के साथ मनाई गई चौधरी चरण सिंह की जयंती, भाजपा कार्यकर्ताओं ने याद किए उनके योगदान
चकिया (चंदौली)।
- पूर्व प्रधानमंत्री एवं किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह की जयंती नगर के वार्ड नंबर 7 में भाजपा नेता मुकेश चोबे के आवास पर श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा भाजपा नेता दीपक चौहान के नेतृत्व में किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने चौधरी चरण सिंह के तेल चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस मौके पर उनके जीवन, विचारों और किसान हित में किए गए महत्वपूर्ण कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।
अपने संबोधन में सभासद रवि गुप्ता ने कहा कि चौधरी चरण सिंह का पूरा जीवन किसानों, ग्रामीण समाज और सामाजिक न्याय के लिए समर्पित रहा।
वहीं भाजपा नेता दीपक चौहान ने कहा कि चरण सिंह ने देश के अन्नदाता को सम्मान दिलाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनका सादगीपूर्ण जीवन और ईमानदार नेतृत्व आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
कार्यक्रम में रवि गुप्ता, दीपक चौहान, शुभम मोदनवाल, पुल्लर गुप्ता, अमन दुबे, रोहित यादव, राजू चौहान सहित कई स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।
चंदौली बबुरी से ~ शिवम् विश्वकर्मा की रिपोर्ट






