शीत लहर का असर: चंदौली में कक्षा 8 तक के स्कूल 26 दिसंबर तक बंद, शिक्षकों को निर्धारित समय पर रहना होगा उपस्थित
चंदौली। जनपद में लगातार बढ़ रही शीत लहर और तापमान में अत्यधिक गिरावट को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के आदेश पर आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत जिले के सभी स्कूलों में कक्षा 8 तक का पठन-पाठन 26 दिसंबर 2025 तक स्थगित कर दिया गया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आदेश बेसिक शिक्षा परिषद के सभी विद्यालयों, अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों तथा समस्त बोर्ड के सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों पर लागू होगा। प्री-प्राइमरी/नर्सरी से लेकर कक्षा 08 तक के विद्यार्थियों को ठंड और घने कोहरे के चलते विद्यालय नहीं आना होगा।
हालांकि, विद्यालयों में कार्यरत समस्त शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक एवं अन्य कर्मचारी सुबह 10:00 बजे से दोपहर 03:00 बजे तक विद्यालय में उपस्थित रहेंगे। इस दौरान वे एसआईआर, ऑनलाइन प्रशिक्षण, अर्द्धवार्षिक परीक्षा का परीक्षाफल तैयार करना, डीबीटी, यू-डायस (अपार) फीडिंग, जीरो पॉवर्टी सहित अन्य निर्देशित कार्यों एवं दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों और विद्यालय प्रबंधन को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन ने अभिभावकों से भी बच्चों की सेहत का ध्यान रखने और ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।
चंदौली बबुरी से ~ शिवम् विश्वकर्मा की रिपोर्ट





