दुर्गा इंटर कॉलेज गौरी, बबुरी में वार्षिक महोत्सव ‘भविष्य निर्माण’ का भव्य आयोजन सम्पन्न
चंदौली बबुरी से ~ शिवम् विश्वकर्मा की रिपोर्ट
मंगलवार को दुर्गा इंटर कॉलेज गौरी, बबुरी (जिला चंदौली) में वार्षिक महोत्सव “भविष्य निर्माण” बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। पूरे विद्यालय परिसर में सुबह से ही विद्यार्थियों और शिक्षकों में अलग ही उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना के साथ हुआ, जिसके बाद मंच पर रंगारंग प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू हुआ।

महोत्सव के दौरान छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम, नृत्य, नाटक, गीत-संगीत और विभिन्न मंचीय गतिविधियों के माध्यम से अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया। सामाजिक संदेशों से जुड़े नाटकों और ऊर्जा से भरपूर डांस ने दर्शकों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों की रचनात्मकता और प्रतिभा ने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. यशवंत सिंह, चंद्रप्रकाश सिंह, शशांक सिंह (मैनेजिंग डायरेक्टर), प्रशांत सिंह (प्रबंधक) और कार्तिकेय सिंह (अध्यक्ष) उपस्थित रहे। इसके साथ ही कॉलेज के शिक्षक सुनील कुमार पाल, मनोज कुमार यादव, प्रवीन पाठक, रेखा जायसवाल, दीक्षा श्रीवास्तव सहित अन्य शिक्षकों और अभिभावकों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
विशेष रूप से मैनेजिंग डायरेक्टर शशांक सिंह का विद्यालय परिवार द्वारा भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में छात्रों की प्रस्तुतियों की सराहना की और कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम छात्रों में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में प्रबंधक प्रशांत सिंह ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और छात्रों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए वार्षिक महोत्सव के सफल समापन की घोषणा की।
चंदौली बबुरी से ~ शिवम् विश्वकर्मा की रिपोर्ट







