कड़कड़ाती ठंड में भी पुलिस सतर्क: एसपी आदित्य लांघे के निर्देश पर बबुरी में सघन चेकिंग अभियान
चंदौली। कड़ाके की ठंड के बीच भी चंदौली पुलिस सक्रिय और मुस्तैद नजर आई। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांघे के निर्देशन में बबुरी थाना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश मिश्रा ने देर शाम कस्बे में पैदल गश्त कर कानून-व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मुख्य बाजार, भीड़-भाड़ वाले इलाके और संवेदनशील स्थानों पर विशेष रूप से निरीक्षण किया।
ठंड के बावजूद पुलिस टीम सड़कों पर उतरकर लोगों से बातचीत करती हुई दिखाई दी और उन्हें सुरक्षा से संबंधित आवश्यक जानकारी भी दी। थाना प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने तथा जनता को सुरक्षित माहौल प्रदान करने के लिए लगातार गश्त और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। कस्बे में प्रवेश करने वाली एवं निकलने वाली सभी प्रमुख सड़कों पर वाहनों की गहन जांच की गई।
इस अभियान में बबुरी चौकी इंचार्ज संजीत कुमार सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ सक्रिय रूप से शामिल रहे। उन्होंने संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखते हुए कई दोपहिया और चारपहिया वाहनों की तलाशी ली। पुलिस ने साफ किया कि बाजार या किसी भी सार्वजनिक स्थल पर कोई संदिग्ध व्यक्ति पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान से सुरक्षा का विश्वास बढ़ता है। पुलिस ने आश्वस्त किया कि क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
चंदौली बबुरी से ~ शिवम् की रिपोर्ट






