चंदौली : मिशन शक्ति अभियान फेज 5.0 के तहत बबुरी थाना क्षेत्र में नारी सशक्तिकरण को लेकर जागरूकता अभियान
चंदौली जनपद के पुलिस अधीक्षक आदित्य लांघे के निर्देशन में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान व सशक्तिकरण के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान फेज 5.0 लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना बबुरी की एंटी रोमियो टीम द्वारा क्षेत्र में छात्राओं एवं महिलाओं को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान एंटी रोमियो टीम ने स्कूल, कॉलेज, बाजार व सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर छात्राओं और महिलाओं से संवाद किया। टीम ने महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न, घरेलू हिंसा या असुरक्षा की स्थिति में वे बिना भय के पुलिस की मदद ले सकती हैं। पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी, जिनमें महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 सहित अन्य महत्वपूर्ण नंबर शामिल रहे।
एंटी रोमियो टीम ने महिलाओं को यह भी बताया कि समाज में व्याप्त कुरीतियों और अपराधों के खिलाफ जागरूक रहना अत्यंत आवश्यक है। यदि कोई व्यक्ति महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करता है तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। टीम ने छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और किसी भी परेशानी को छिपाने के बजाय खुलकर साझा करने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। चंदौली पुलिस महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार जारी रहेंगे।
चंदौली बबुरी से ~ शिवम् विश्वकर्मा की रिपोर्ट





