Thursday, February 26, 2026

मेजर ध्यानचंद दिव्यांग हॉकी टूर्नामेंट काशी में 18 जनवरी को

मेजर ध्यानचंद दिव्यांग हॉकी टूर्नामेंट काशी में 18 जनवरी को
उत्तर प्रदेश में पहली बार होगा दिव्यांग व्हीलचेयर हॉकी का आयोजन
वाराणसी।
उत्तर प्रदेश में पहली बार दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। पैरा हॉकी फेडरेशन ऑफ इंडिया के सौजन्य से उत्तर प्रदेश पैरा हॉकी एसोसिएशन द्वारा मेजर ध्यानचंद दिव्यांग हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन 18 जनवरी (रविवार) को किया जाएगा। यह प्रतियोगिता बाबू आर.एन. सिंह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, विकास इंटर कॉलेज, परमानंदपुर, वाराणसी में संपन्न होगी।
इस संबंध में जानकारी देते हुए उत्तर प्रदेश पैरा हॉकी एसोसिएशन के प्रदेश संयोजक एवं दिव्यांग बंधु डॉ. उत्तम ओझा ने बताया कि दिव्यांगजनों को खेल के माध्यम से राष्ट्र की मुख्यधारा से जोड़ने तथा समावेशी भारत के निर्माण के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश पैरा हॉकी एसोसिएशन का गठन किया गया है। यह पहला अवसर होगा जब दिव्यांग खिलाड़ी व्हीलचेयर पर हॉकी खेलते हुए नजर आएंगे।
उन्होंने बताया कि यह टूर्नामेंट उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के बीच खेला जाएगा, जिसमें कुल तीन मैच आयोजित होंगे। प्रतियोगिता का समापन समारोह 18 जनवरी को सायं 4:00 बजे होगा।
जन विकास समिति के सहयोग से विकास इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के पुत्र श्री अशोक ध्यानचंद शामिल होंगे, जो विशेष रूप से दिल्ली से वाराणसी आ रहे हैं। इसके अतिरिक्त देश के विभिन्न हिस्सों से कई नामी-गिरामी दिव्यांग खिलाड़ी एवं खेल जगत की प्रमुख हस्तियां भी इस टूर्नामेंट में शिरकत करेंगी।
डॉ. उत्तम ओझा ने उत्तर प्रदेश पैरा हॉकी एसोसिएशन की घोषणा करते हुए बताया कि पूर्व राष्ट्रीय महिला हॉकी खिलाड़ी डॉ. अलका दुबे को प्रदेश अध्यक्ष, राज्य सलाहकार बोर्ड के सदस्य डॉ. संजय चौरसिया को महासचिव तथा अरविंद चक्रवाल को कार्यक्रम संयोजक नियुक्त किया गया है।
हॉकी फेडरेशन ऑफ इंडिया से जुड़े मुकेश कंचन (झारखंड) एवं गणेश शाह (देहरादून) भी इस टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए काशी आ रहे हैं।
इस अनोखे आयोजन को लेकर आमजन में विशेष उत्साह और कौतूहल है, क्योंकि दिव्यांग खिलाड़ियों द्वारा हॉकी जैसे तेज़ और चुनौतीपूर्ण खेल का प्रदर्शन काशी में पहली बार देखने को मिलेगा।
उत्तर प्रदेश पैरा हॉकी एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी डॉ. मनोज तिवारी के हवाले से यह जानकारी दी गई।

escort bayan sakarya escort bayan eskişehir