उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल चुनाव 2026 में विष्णु जायसवाल अध्यक्ष निर्वाचित, व्यापारियों ने जताया भरोसा
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के चुनाव 2026 में व्यापारियों ने नए और ऊर्जावान नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग किया। लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए इस चुनाव में सभी प्रमुख पदों के परिणाम घोषित कर दिए गए। चुनाव परिणामों को लेकर व्यापारिक समुदाय में खासा उत्साह देखने को मिला।
अध्यक्ष पद पर भाजपा युवा मोर्चा से जुड़े विष्णु जायसवाल ने 8 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। विष्णु जायसवाल वर्तमान में चकिया नगर अध्यक्ष के दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। इसके साथ ही वे विश्व हिंदू परिषद के नगर अध्यक्ष पद पर भी कार्यरत हैं और भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला कार्य समिति सदस्य के रूप में संगठनात्मक अनुभव रखते हैं। उनकी जीत को व्यापारियों ने मजबूत और सक्रिय नेतृत्व की दिशा में अहम कदम बताया है।
महामंत्री पद पर मनोज चौहान ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 37 मतों के अंतर से पराजित कर शानदार विजय हासिल की। वहीं कोषाध्यक्ष पद पर अंकित कुमार ने सद्दाम को 78 मतों से हराकर रिकॉर्ड जीत दर्ज की, जो चुनाव की सबसे बड़ी जीत मानी जा रही है।
चुनाव अधिकारी चंदेश्वर जायसवाल ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र सौंपे और निष्पक्ष व पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया में सहयोग के लिए सभी व्यापारियों व चुनाव कर्मियों का आभार व्यक्त किया।







