नवरात्र में मीट की दुकानें बंद रहेंगी
वाराणसी-नवरात्र में शहर में मांस की दुकानें बंद रहेंगी। सोमवार को स्मार्ट सिटी कार्यालय में नवरात्र की तैयारियों के मद्देनजर महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में बैठक में यह निर्णय लिया गया। पशु चिकित्सा एवं कल्याण विभाग के अधिकारियों को इसे हर हाल में लागू कराने को कहा गया है।
महापौर ने नवरात्र से पहले प्रमुख देवी मंदिरों की ओर जाने वाली सड़कों, गलियों की मरम्मत का निर्देश दिया। अधिकारियों को मंगलवार तक देवी मंदिरों के आसपास के मार्गों का निरीक्षण कर कार्य शुरू कराने को कहा। उन्होंने नवरात्र में सड़कों के किनारे नियमित सफाई और चूने के छिड़काव को कहा। जलकल विभाग के अधिकारियों को मैनहोलों की सफाई और पेयजल की बेहतर आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। आलोक विभाग के प्रभारी को देवी मंदिरों के आसपास स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत का निर्देश दिया। महापौर ने नगर आयुक्त को विभागीय अधिकारियों से समन्वय बनाकर समाधान के निर्देश दिए। बैठक में अपर नगर आयुक्त सविता यादव, अमित कुमार सिंह, विनोद कुमार गुप्ता, जलकल जीएम अनूप सिंह, एक्सईएन पीयूष नेहरा आदि मौजूद रहे।
✍️ UP 18 NEWS से आशीष मोदनवाल की रिपोर्ट






