
रामचंद्रीपुर, वाराणसी | 1 अप्रैल, 2026 चिरईगांव विकास खंड के रामचंद्रीपुर गांव स्थित पंचायत भवन पर आज एक विशेष कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप में ग्राम विकास अधिकारी आशुतोष कुमार ने ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया और विकास कार्यों की समीक्षा की।
लापरवाह सफाई कर्मी पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन
कैंप के दौरान ग्रामीणों ने गांव की सफाई व्यवस्था को लेकर कड़ी नाराजगी जताई। राजेश सिंह, मुन्ना लाल और विमल यादव सहित अन्य ग्रामीणों ने शिकायत की कि सफाई कर्मचारी अपनी ड्यूटी के प्रति लापरवाह है। वह कभी-कभी ही गांव आता है और अक्सर बिना बताए गायब रहता है। ग्रामीणों की शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए ग्राम विकास अधिकारी ने तत्काल प्रभाव से सफाई कर्मी का वेतन रोकने का आश्वासन दिया।
किसान पंजीकरण के लिए चलाया गया अभियान
कैंप में विशेष रूप से किसानों की समस्याओं और उनके पंजीकरण पर चर्चा की गई। इस दौरान किसान सहायक निहाल भी मुख्य रूप से मौजूद रहे। ग्राम विकास अधिकारी और किसान सहायक ने संयुक्त रूप से ग्रामीणों को जागरूक करते हुए कहा कि जिन किसानों का अभी तक ‘फार्मर रजिस्ट्रेशन’ नहीं हुआ है, वे इसे पूरी गंभीरता से लें।
किसान सहायक निहाल ने किसानों को फॉर्म भरने की प्रक्रिया समझाई और अपील की कि सभी पात्र लोग पंचायत भवन पर अपना फार्म जमा कर पंजीकरण सुनिश्चित कराएं, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
इस अवसर पर सुभाष राम, महेंद्र प्रताप, राम आसरे और रमेश पाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण कैंप में उपस्थित रहे। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि गांव की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।





