चौकीदारों का सशक्तिकरण: प्रभावी पुलिसिंग एवं सुदृढ़ कानून-व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
पुलिस अधीक्षक द्वारा चौकीदारों को साइकिल वितरित
चंदौली, 10 अप्रैल 2026:
जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा ग्रामीण स्तर पर पुलिसिंग को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आज पुलिस लाइन चंदौली में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस दौरान *आकाश पटेल, पुलिस अधीक्षक चंदौली* द्वारा जनपद के विभिन्न थानों से आए चौकीदारों को साइकिल वितरित की गई।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि चौकीदार ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। वे न केवल स्थानीय स्तर पर सूचनाएं एकत्रित करते हैं, बल्कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में भी अहम भूमिका निभाते हैं। साइकिल वितरण से उनकी कार्यक्षमता में वृद्धि होगी और वे अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक सक्रियता के साथ भ्रमण कर सकेंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि इस पहल से अपराध नियंत्रण, त्वरित सूचना संप्रेषण तथा पुलिस-जन सहयोग को और अधिक मजबूती मिलेगी, जिससे जनपद में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिसार निरीक्षक वेदमणि मिश्रा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।




