आशीष मोदनवाल पत्रकार
वाराणसी – दिनांक 14.07.2026 की रात्रि में थाना बड़ागांव क्षेत्रान्तर्गत हरहुआ रिंग रोड चौराहे पर गश्त एवं क्षेत्र चेकिंग के दौरान चौकी प्रभारी हरहुआ उ0नि0 विवेकानन्द द्विवेदी को लगभग 11 वर्षीय एक मूक-बधिर बालक अकेला भटकता हुआ मिला। देर रात्रि बालक के सड़क पर अकेले घूमते पाए जाने पर पुलिस द्वारा उसे तत्काल सुरक्षित संरक्षण में लेकर हरहुआ पुलिस चौकी लाया गया।इसके उपरांत पुलिस द्वारा इशारों एवं अन्य माध्यमों से उसका नाम, पता एवं परिजनों की जानकारी प्राप्त करने का प्रयास किया गया, किन्तु उसके मूक-बधिर होने के कारण कोई जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी।
तत्पश्चात सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से बालक की पहचान हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। प्रयासों के परिणामस्वरूप बालक की पहचान नसीर अख्तर पुत्र जैनूलद्दीन, उम्र लगभग 11 वर्ष, निवासी ग्राम कोटवा, थाना लोहता, जनपद वाराणसी के रूप में हुई। चौकी प्रभारी हरहुआ द्वारा तत्काल चौकी कोटवा, थाना लोहता को सूचना दी गई। सूचना प्राप्त होने पर चौकी कोटवा, थाना लोहता से आए हे0का0 रविन्द्र को आवश्यक अभिलेखीय कार्यवाही पूर्ण कर बालक को सकुशल सुपुर्द कर दिया गया।
सोशल मीडिया सेल
पुलिस उपायुक्त, गोमती जोन
कमिश्नरेट वाराणसी





