आशीष मोदनवाल पत्रकार
वाराणसी में आस्था का अनूठा उदाहरण तमिलनाडु की 80 वर्षीय महिला श्रद्धालु ने श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर को तीन करोड़ रुपये किए दान
वाराणसी। श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था लगातार नए आयाम स्थापित कर रही है। इसी क्रम में तमिलनाडु की 80 वर्षीय एक महिला श्रद्धालु ने श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर न्यास को कुल तीन करोड़ रुपये का दान देकर धार्मिक समर्पण और श्रद्धा का एक उल्लेखनीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। महिला श्रद्धालु ने अपने दोनों स्वर्गीय पुत्रों की स्मृति और उनकी आत्मा की शांति के लिए दो करोड़ रुपये का दान दिया है जबकि एक करोड़ रुपये मंदिर के अन्नक्षेत्र के लिए समर्पित किए हैं। इसके साथ ही उन्होंने 25 25 हजार रुपये के पांच अलग अलग चेक भी दिए हैं जिनका उपयोग प्रत्येक वर्ष रुद्राभिषेक कराने के लिए किए जाने का अनुरोध किया है।
मंडलायुक्त को ईमेल के माध्यम से दी थी मिलने की सूचना
मिली जानकारी के अनुसार वाराणसी के मंडलायुक्त एस राजलिंगम को ईमेल के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि तमिलनाडु से एक महिला श्रद्धालु मंदिर को दान देने के उद्देश्य से उनसे मिलना चाहती हैं। इसके बाद महिला अपने मैनेजर के साथ वाराणसी पहुंचीं और 12 जुलाई को मंडलायुक्त से मुलाकात कर कुल तीन करोड़ रुपये के चेक उन्हें सौंपे। दान की औपचारिकता पूरी होने के बाद महिला श्रद्धालु ने श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर बाबा विश्वनाथ के दर्शन पूजन किए और अपने परिवार की शांति तथा कल्याण की कामना की।
पति और दोनों बेटों के निधन के बाद लिया दान का निर्णय
बताया गया कि महिला श्रद्धालु के पति तथा दोनों पुत्रों का निधन हो चुका है। पारिवारिक सदस्यों के असमय निधन के बाद उन्होंने अपने पुत्रों की स्मृति को चिरस्थायी बनाने तथा उनकी आत्मा की शांति के उद्देश्य से यह दान देने का निर्णय लिया। उन्होंने मंदिर प्रशासन से अनुरोध किया कि उनके द्वारा दिए गए पांच अतिरिक्त चेकों का उपयोग प्रत्येक वर्ष नियमित रूप से रुद्राभिषेक के आयोजन में किया जाए ताकि धार्मिक अनुष्ठान निरंतर चलते रहें।
अनंत अंबानी के दान के बाद फिर चर्चा में आया विश्वनाथ मंदिर
इससे पहले 16 जून को उद्योगपति परिवार से जुड़े अनंत अंबानी ने भी श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर को एक करोड़ रुपये का दान दिया था। अब तमिलनाडु की महिला श्रद्धालु द्वारा तीन करोड़ रुपये का दान दिए जाने के बाद मंदिर में मिलने वाले बड़े दान एक बार फिर चर्चा का विषय बन गए हैं। इससे यह भी स्पष्ट होता है कि देशभर के श्रद्धालुओं का श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के प्रति विश्वास और आस्था लगातार मजबूत हो रही है।
अन्नक्षेत्र को लगातार मिल रहा श्रद्धालुओं का सहयोग
श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर का अन्नक्षेत्र श्रद्धालुओं और जरूरतमंदों के लिए संचालित एक महत्वपूर्ण सेवा परियोजना है। बीते दो वर्षों में केवल अन्नक्षेत्र के लिए ही लगभग दो करोड़ रुपये का दान प्राप्त हुआ है। वर्ष 2026 में 50 हजार रुपये से अधिक का दान देने वाले 16 श्रद्धालुओं ने अकेले अन्नक्षेत्र के लिए एक करोड़ 14 लाख रुपये से अधिक की राशि समर्पित की है। इससे मंदिर प्रशासन को इस सेवा को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने में सहायता मिल रही है।







