लेहरा खास काली माता मंदिर में श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मनाया गया गुरु पूर्णिमा महोत्सव
चकिया (चंदौली)। जगदंबा परिवार द्वारा संचालित नंद बाबा सेवा आश्रम फाउंडेशन ट्रस्ट के तत्वावधान में लेहरा खास स्थित काली माता मंदिर परिसर में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अपने पूज्य गुरु श्री नंद बाबा से आशीर्वाद प्राप्त किया तथा मां काली का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।
महोत्सव में प्रसाद वितरण एवं विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। कार्यक्रम के अंत में श्री नंद बाबा ने एक प्रेरणादायक कथा सुनाकर अपने शिष्यों को गुरु के महत्व, सेवा, सदाचार एवं मानव जीवन के आदर्शों का संदेश दिया तथा सभी को सुख, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद प्रदान किया।
गुरु पूर्णिमा महोत्सव में क्षेत्र के अनेक श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही और सभी ने कार्यक्रम की भव्यता एवं आध्यात्मिक वातावरण की सराहना की।





